केंद्रीय सुरक्षा बलों में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने कांस्टेबल जीडी भर्ती परीक्षा 2026 को फिलहाल स्थगित कर दिया है। यह (Computer Based Test) 23 फरवरी से शुरू होना था, लेकिन आयोग ने अचानक इसे अगले आदेश तक टालने की घोषणा कर दी। अब अभ्यर्थियों को संशोधित परीक्षा तिथि (SSC GD Constable 2026 New Exam Date) जारी होने का इंतजार करना होगा।
आयोग ने साफ किया है कि नई परीक्षा तिथियां आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी, इसलिए उम्मीदवार नियमित रूप से अपडेट (Official Update) चेक करते रहें। इस बार परीक्षा को लेकर एक और अहम बदलाव किया गया है — अभ्यर्थियों को स्वयं परीक्षा स्लॉट चुनने की सुविधा (Self Slot Booking) नहीं मिलेगी।
परीक्षा अभी नहीं होगी, नई शेड्यूल जल्द
SSC के अनुसार कांस्टेबल जीडी भर्ती 2026 की CBT फिलहाल आयोजित नहीं की जाएगी। पहले जारी शेड्यूल के मुताबिक परीक्षा 23 फरवरी से शुरू होनी थी, लेकिन प्रशासनिक कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया है। संशोधित कार्यक्रम जल्द घोषित किया जाएगा।
इस बार शहर और शिफ्ट खुद नहीं चुन पाएंगे
पिछली कुछ भर्तियों में उम्मीदवारों को परीक्षा शहर और दिन चुनने का विकल्प दिया गया था, लेकिन इस भर्ती में यह सुविधा नहीं होगी। परीक्षा केंद्र और शिफ्ट का आवंटन पूरी तरह आयोग द्वारा किया जाएगा।
25487 पदों पर भर्ती, 49 लाख आवेदन
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 25,487 कांस्टेबल पद भरे जाएंगे। इनमें 23,467 पद पुरुषों और 2,020 पद महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं। करीब 49 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, जिससे प्रतियोगिता बेहद कठिन मानी जा रही है।
बलवार वैकेंसी इस प्रकार है –
- केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल – 14,595 पद
- सीमा सुरक्षा बल – 616 पद
- केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल – 5,490 पद
- सशस्त्र सीमा बल – 1,764 पद
- भारत-तिब्बत सीमा पुलिस – 1,293 पद
- असम राइफल्स – 1,706 पद
- विशेष सुरक्षा बल – 23 पद
परीक्षा पैटर्न (Exam Pattern)
लिखित परीक्षा कुल 160 अंकों की होगी जिसमें 80 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) पूछे जाएंगे।
चार सेक्शन होंगे और प्रत्येक से 20 प्रश्न आएंगे।
- सही उत्तर: 2 अंक
- गलत उत्तर: 0.25 अंक कटौती (Negative Marking)
- कुल समय: 60 मिनट
चयन प्रक्रिया और फिजिकल टेस्ट
लिखित परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवारों को (PET/PST) यानी शारीरिक दक्षता और मापदंड परीक्षा देनी होगी, इसके बाद मेडिकल टेस्ट होगा।
दौड़ मानक
पुरुष: 5 किमी – 24 मिनट
महिला: 1.6 किमी – 8 मिनट 30 सेकंड
लद्दाख क्षेत्र के अभ्यर्थियों को दौड़ में विशेष छूट दी जाएगी।
फिलहाल परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है, लेकिन प्रतिस्पर्धा बहुत अधिक होने के कारण उम्मीदवारों को अपनी तैयारी और मजबूत करनी होगी। नई तारीख जारी होते ही परीक्षा प्रक्रिया तेजी से शुरू होने की उम्मीद है।